पत्नी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार- जिले के ग्राम बिनौरी में रामकुमार साय की गला घोंटकर हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में मृतक की पत्नी, भाई और एक रिश्तेदार शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, यह मामला शुरू में संदिग्ध मौत का प्रतीत हो रहा था, लेकिन लगातार मनोवैज्ञानिक और विश्लेषणात्मक पूछताछ के जरिए सच्चाई सामने लाई गई. भावनात्मक लीडिंग प्रश्नों के माध्यम से आरोपियों के बयानों में विरोधाभास पकड़ा गया, जिसके बाद उन्होंने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.
जांच के दौरान सामने आया कि मृतक रामकुमार साय रोजाना नशे की हालत में घर आकर परिजनों के साथ मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ना करता था. यही इस हत्या की मुख्य वजह बनी.
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पहले से पूरी तैयारी कर रखी थी और पूछताछ के दौरान सवालों के जवाब देने के लिए भी तैयार थे, लेकिन वे सबूत छुपाने में असफल रहे. मामले की जांच में फोरेंसिक विशेषज्ञों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने वैज्ञानिक आधार पर मौत को संदिग्ध बताते हुए जांच को नई दिशा दी.
घटना की रात एक अन्य आरोपी (भतीजा) की मौके पर मौजूदगी को परिवार द्वारा छुपाया जाना भी संदेह को और गहरा करता गया. एक आरोपी घटना के बाद रायपुर भाग गया था, जिसे पलारी पुलिस ने सूझबूझ से वापस बुलाकर पूछताछ की और उसकी संलिप्तता भी उजागर हुई.
गिरफ्तार आरोपी
- महावीर साय (40 वर्ष) – निवासी बिनौरी, थाना पलारी
- मीना बाई साय (36 वर्ष) – निवासी बिनौरी, थाना पलारी
- वैभव उर्फ अंशु बघेल (19 वर्ष) – निवासी बिजराडीह, थाना गिधपुरी
