मोटरसाइकिल, मोबाइल और सीसीटीवी कैमरा बरामद
राजनांंदगांव- थाना बसंतपुर क्षेत्र में सृष्टि कॉलोनी स्थित श्री धनवंतरी मेडिकल स्टोर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया. चोरी में नगदी, सीसीटीवी कैमरा, मोबाइल और बाहर खड़ी मोटरसाइकिल शामिल थी. थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में आरोपी अजय उर्फ बोचकू यादव और अन्य दो विधि के विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल, सीसीटीवी कैमरा और मोबाइल बरामद किए गए. अजय यादव आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी चोरी, मारपीट, आगजनी, बलात्कार और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं.
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी डालेश कुमार, निवासी चेन्द्रीबन नवांगांव थाना देवरी, जिला बालोद ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह वर्तमान में सृष्टि कॉलोनी हाउसिंग बोर्ड के पास स्थित श्री धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स में कार्य करता है तथा पास के स्टाफ रूम में रहता है. 29 मार्च 2026 को रात्रि लगभग 9 बजे मेडिकल स्टोर बंद कर अपने कमरे में सो गया था. रात्रि करीब 3 बजे उठकर देखा तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था. कमरे में रखा ओप्पो कंपनी का मोबाइल (कीमत 7,000 रुपये) गायब था तथा एक आईफोन-17 को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था.
बाहर जाकर देखने पर पाया कि मेडिकल स्टोर में लगा 01 नग सीसीटीवी कैमरा (कीमत 2,000 रुपये), गल्ले में रखी नगदी लगभग 10,000 रुपये तथा कमरे के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल पल्सर क्रमांक CG-24-T-4461 (कीमत लगभग 50,000 रुपये) अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई है. रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 143/2026 धारा 331(4), 305, 324(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
थाना बसंतपुर से कमला कालेज चौक में लगाए गए गश्त प्वाइंट एवं रात्रि पेट्रोलिंग में तैनात पुलिस जवानों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनके नाम-पता एवं आवागमन की जानकारी लेकर उनकी फोटो थाना बसंतपुर के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजे जाते है एवं 30 मार्च 2026 को सृष्टि कॉलोनी स्थित मेडिकल दुकान में चोरी की रिपोर्ट प्राप्त होने पर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पूर्व रात्रि में चिन्हित संदिग्ध अजय यादव उर्फ बोचकू एवं अन्य 02 विधि के विरुद्ध बालकों को थाना तलब कर सख्ती से पूछताछ की गई, जिस पर उन्होंने चोरी की घटना स्वीकार कर ली. आरोपियों के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल, सीसीटीवी कैमरा एवं मोबाइल बरामद किया गया तथा आरोपी एवं विधि के विरुद्ध बालकों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया.
उक्त कार्यवाही में थाना बसंतपुर प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल,आरक्षक चन्द्रशेखर श्रीवास, तथा गश्त प्वाइंट में तैनात आरक्षक ललित रावटे एवं आरक्षक टीमक वर्मा की सराहनीय भूमिका रही.
