प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज़ ने किया विश्व विजेता सितलेश पटेल का सम्मान
राजनांदगांव – यूएई दुबई में 22 से 28 अप्रैल 2025 तक आयोजित 11वीं अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप वेटलिफ्टिंग एवं पावरलिफ्टिंग खेल प्रतियोगिता में राजनांदगांव के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सितलेश पटेल का चयन हुआ था. उक्त खेल प्रतियोगिता में विश्व भर के विभिन्न देशों के चयनित खिलाड़ियों ने भाग लिया था. राजनांदगाँव के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सितलेश पटेल ने भारत देश का प्रतिनिधित्व करते हुए वेटलिफ्टिंग एवं पॉवरलिफ्टिंग दोनों ही खेल में स्वर्ण पदक जीता.
दोनों ही खेल प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक लेकर राजनांदगांव में उनका आगमन 29 अप्रैल को हुआ. उनके आगमन से बाजे गाजे और डीजे के साथ पूरा ही रेलवे स्टेशन देशभक्ति गीतों से गूंज उठा. रेलवे स्टेशन से सीधे शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए आपकी विजय शोभायात्रा ब्रह्माकुमारीज़ के नवनिर्मित राजयोग मेडिटेशन सेंटर ब्रह्माकुमारीज़ के ज्ञान मानसरोवर पहुंचे. जहां सेवाकेंद्र संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी पुष्पा दीदी, प्रभा बहन जी एवं उपस्थित अन्य ब्रह्माकुमारी बहनों ने उनका तिलक एवं गुलदस्ते से स्वागत किया.
ब्रह्माकुमारी पुष्पा दीदी ने उनके इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते हुए कहा कि ये हमारे शहर के लिए गर्व की बात है कि सितलेश पटेल ने दुबई में प्रतियोगिता जीतकर भारत सहित छत्तीसगढ़ एवं राजनांदगांव का नाम रोशन किया.
इस अवसर पर दल्ली राजहरा से पधारे भ्राता सितलेश पटेल के कोच छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वीर हनुमान सिंह अवार्ड से पुरस्कृत एम हरिनाथ ने बताया कि सितलेश पटेल भारत देश के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जो वेटलिफ्टिंग, पॉवर लिफ्टिंग एवं स्ट्रेंथ लिफ्टिंग तीनों ही खेल में अंतर्राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता है. उन्होंने बताया कि सितलेश पटेल विगत कई वर्षों से भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए लगातार पदक जीत रहे हैं, बधाई देते हुए कहा कि सितलेश पटेल लगातार अंतर्राष्ट्रीय पदक जीतने के साथ-साथ इतने कम उम्र में छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी के साथ-साथ भारतीय टीम के कप्तान की भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं जो हमारे छत्तीसगढ़ व भारत देश के लिए गौरव है.
कॉन्फ्रेंस कॉलेज के प्रोफेसर विजय मानिकपुरी ने बताया कि सितलेश पटेल से विगत 25 वर्षों से परिचित हूं जब वे राजनांदगांव के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में थे तब से उनकी मेहनत से वाकिफ़ हूं, सितलेश ने राजनांदगांव जिले के नगर मंत्री का दायित्व भी कुशलता पूर्वक निर्वहन किया है,वे काफी मेहनती है और उक्त खेल में जाने से पहले भी पुलिस की ड्यूटी करने के बाद भी खेल के लिए अटूट मेहनत करते थे और आज उनकी मेहनत का परिणाम हम सबके बीच में प्रत्यक्ष देखने को मिल रहा है.
कार्यक्रम का सरस संचालन ब्रह्माकुमार झालम भाई ने किया इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ परिवार के साथ-साथ खेल जगत के विभिन्न स्थानों से आए हुए सैंकड़ो खेल प्रेमी भी शामिल थे.
