पति और पत्नी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
बलौदाबाजार जिले के ग्राम जारा में सरकारी स्कूल के शिक्षक ने अपनी पत्नी के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. इस घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. इसकी सूचना पुलिस को दी. फिलहाल शिक्षक पति और पत्नी का आत्महत्या का कारण अज्ञात है. पति ग्राम मुसुवाडीह स्कूल में शिक्षक था. पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला पलारी थाना क्षेत्र का है. रामेसर वर्मा (30 साल) ग्राम मुसुवाडीह के शासकीय स्कूल में शिक्षक था. वह अपनी पत्नी हेमलता वर्मा के साथ ग्राम जारा में किराए से रहता था. दोनों यहां एक साल से रह रहे थे. व्यक्ति मूल रूप से बलौदाबाजार जिले के नवागांव मल्लाहार का रहने वाला है और नौकरी के चलते यहां रहता था.
रामेसर और लता की शादी करीब 6 साल पहले हुई थी, उनकी कोई संतान नहीं है. बुधवार रात हेमलता ने अपने पिता अशोक वर्मा को फोन कर रही थी कि वो तत्काल जारा गांव आ जाएं. जब गुरुवार सुबह लड़की के दादा और पिता बेटी के घर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद था. उन्होंने बेटी-दामाद को कॉल लगाया, लेकिन दोनों का मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था. दादा और पिता ने खिड़की से झांककर देखा, तो बेटी-दामाद एक ही फंदे पर फांसी से लटकते मिले. इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को जानकारी दी. मौके पर भीड़ जमा हो गई. लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा गया. पति-पत्नी ने किन कारणों से यह आत्मघाती कदम उठाया इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है, फिलहाल पुलिस इस मामले में परिजनों से पूछताछ कर रही है.
