दुर्ग : दुर्ग जिले की यातायात व्यवस्था को लेकर निरंतर कार्य किया जा रहा है इसी प्रकार कुछ ऐसे वाहन चालक जो नियमों के जानकार होकर भी जानबूझकर यातायात नियमों का उल्लंघन करते है उनके ऊपर कार्यवाही करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा वर्तमान में मैनवली चालान बनाया जाता रहा है एवं अब यातायात पुलिस आधुनिकरण का उपयोग करते हुए जीपीएस मैप कैमरा का उपयोग चालान के लिए करेगी. दुर्ग ट्रैफिक पुलिस अब तक CCTV कैमरे की मदद से गाड़ियों का चालान करती थी.
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले, दो पहिया वाहन में तीन सवारी, नाबालिक द्वारा वाहन चालन, मोडिफाईड सायलेंसर, गलत नंबर प्लेट, माल वाहक में सवारी ले जाना ऐसे वाहन चालको का जीपीएस मैप कैमरा के माध्यम से फोटो खीचकर वाहन मालिक को नोटिस जारी किया जाएगा. नोटिस जारी होने के तीन दिन के भीतर वाहन मालिक को नेहरू नगर यातायात मुख्यालय आकर अपना पक्ष रखना होगा. ऐसा न करने पर उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी.
जीपीएस मैप कैमरा से कार्यवाही के लाभ
1. जीपीएस कैमरा से फोटो लेने पर फोटो में लोकेशन, दिनांक, समय, वाहन नंबर एवं वाहन चालक द्वारा कौन से यातायात नियम का उल्लंघन किया है क्लीयर हो जाता है.
2. वाहन चालक को कार्यवाही स्थल पर ज्यादा देर रोकने की आवश्यकता नहीं पड़ती.
3. वाहन नंबर से वाहन मालिक का डिटेल निकालकर नोटिस सीधे घर भेजा जाता है.
4. कार्यवाही के दौरान वाहन मालिक मुकर नहीं सकता.
5. जीपीएस मैप कैमरा के उपयोग से कार्यवाही स्थल पर वाद विवाद की स्थिति निर्मित नहीं होगी एवं पारर्दिर्शता बने रहेगी.
6. इसका उपयोग पुलिस के सभी स्टाफ़ निरीक्षक से लेकर आरक्षक तक कर सकते है.
