दुर्ग : दुर्ग जिले के नेवई थाना अंतर्गत रिसाली क्षेत्र में पप्पू यादव पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया. हमले के बाद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. नेवई टीआई प्रशांत मिश्रा ने बताया कि घटना शनिवार रात 8-9 बजे के बीच की है. पप्पू यादव रात 8.30 बजे के करीब शीतला मंदिर टंकी मरोदा के पास स्थित चाय चौपाल नाम की दुकान में रोज बैठता है. वहां अन्य लोग भी बैठे रहते हैं. शनिवार रात अचानक मंगल देवार, दादू देवार, हरीश साहू सहित 15-20 लड़के आए और डंडे-हॉकी से पप्पू यादव पर हमला कर दिया.
पप्पू यादव के लोगों ने आरोपियों से मारपीट की. इसी दौरान मंगल देवार वहां से गया और चाकू लेकर आ गया. उसने पप्पू के पेट में चाकू घुसा दिया. पसली के पास चाकू लगने से पप्पू वहीं ढेर हो गया. इसके बाद सभी लोग वहां से भाग गए. पप्पू के साथियों ने उसे तुरंत सेक्टर- 9 के हॉस्पिटल पहुंचाया. वहां उसे आईसीयू में रखा गया है. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
