कोरबा : कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊर्जानगर क्वार्टर नंबर 7 में एक युवक की घर में घुसकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि 36 वर्षीय जगजीवन रात्रे SECL गेवरा में कैटेगरी-1 पर पदस्थ था. रात दो बजे लगभग कुछ लोग इनके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाने लगे. दरवाजा खोलने के बाद जगजवीन ने उन्हें घर पर बैठाया. जिसके बाद उन लोगों ने पानी की मांग की.
पत्नी ने जब उनके बारे में पूछा तो जगजीवन ने उन्हें अपना मित्र बताया. जैसे ही जगजीवन पानी लेने के लिए किचन में गया तो हमलावरों ने पीछे से उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. यह देख पत्नी ने बच्चों के साथ खुद को एक कमरे में बंद कर लिया. जब हमलावर वहां से चले गए तो पत्नी ने बाहर आकर देखा तो जगजीवन खून से लथपथ पड़ा था. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है मामले की जांच में जुट गई है.
