भिलाई : दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने मंगलवार को दो कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है. दोनों कांस्टेबल भिलाई स्टील प्लांट का पुराना लोहा चोरों के साथ मिलकर थाने के पीछे से चोरी करवाते थे और उसे कबाड़ी के यहां बेच देते थे. इस पर दुर्ग एसपी ने भट्टी थाने में पदस्थ सिपाही राजेंद्र बंसोड़ और आरक्षक मुरली मनोहर सोनी को सस्पेंड कर दिया है. ये दोनों थाने की पेट्रोलिंग में चलते थे.
मिली जानकारी के अनुसार थाने के पीछे से बीएसपी का पुराना रेलवे ट्रैक गुजरता था. यह ट्रैक बंद हो जाने से इस पर लोहा चोरों की नजर पड़ी. उन लोगों ने भट्टी थाने में सेटिंग करके रेलवे ट्रैक को गैस कटर से काटकर चोरी करना शुरू कर दिया.
ट्रैक के नीचे लोहे के स्लीपर भी थे. इन लोगों ने यहां से कई लाख का लोहा चोरी कर कबाड़ी को बेच दिया. पूरे काम में सिपाही राजेंद्र बंसोड़ और मुरली मनोहर सोनी प्रत्यक्ष रूप से शामिल थे. ये लोग रात में पेट्रोलिंग में रहते हुए लोहा चोरी करवाते थे और उसे कबाड़ी के यहां बिकवाकर कमीशन लेते थे.
