8 दिन में 16 देश की ख्यातिप्राप्त टीमें स्पर्धा में लेगी हिस्सा
राहुल गौतम – राजनांदगांव – छत्तीसगढ़ में अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी मैच की शुरूआत करने वाले हॉकी की नर्सरी राजनांदगांव की बहुप्रतिष्ठित व देश की सबसे पुरानी हॉकी प्रतियोगिताओं में एक मंहत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता आज से प्रारंभ होकर 23 फरवरी 2023 तक अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम राजनांदगाव मे खेली जाएगी. इस प्रतियोगिता में देश की 22 ख्याति प्राप्त टीमें हिस्सा लेगी.

उक्त जानकारी कलेक्टर डोमन सिंह तथा महापौर हेमा देशमुख ने बताया कि प्रतियोगिता की विजयी टीम को रजत कप एवं 2.51 लाख रूपये नगद तथा उपविजेता टीम को रजत कप एवं 2 लाख रूपये नगद पुरस्कार साथ ही प्रत्येक मैच में मैन ऑफ मैच व अन्य पुरुस्कार भी दिया जाएगा.
महापौर हेमा देशमुख ने बताया कि राजनांदगांव में हॉकी का इतिहास राजनांदगांव रियासत में नजरुलदीन दीवान साहब के आने से शुरू हुआ. इसके पूर्व हॉकी के स्टेट हाईस्कूल के विद्यार्थी खेला करते थे. सन 1940 में महंत राजा सर्वेश्वरदास के देहावसान के बाद उनके स्मृति को चिरस्थायी बनाये रखने के लिये बी. एन. सी. मिल के तत्कालीन कार्डिग एवं पीनिंग मास्टर एस. योगेश्वर राव नायडू के द्वारा बी.एन.सी मिल के मजदूरों के सहयोग से चांदी के भव्य कप की व्यवस्था की और इसी वर्ष से महंत राजा सर्वेश्वरदास मेमोरियल ऑल इंडिया हॉकी से कप प्रतियोगिता की शुरुवात हुई, जो आज तक अनवरत जारी है. इस वर्ष प्रतियोगिता आयोजन का यह 79 वर्ष है, जिसे स्टेडियम समिति के द्वारा आयोजित किया जा रहा है. विश्व हॉकी मानचित्र पर देश की बहुप्रतिष्ठित यह प्रतियोगिता 1941 से प्रारंभ होकर इस प्रतियोगिता ने देश व एशियाई मुल्क में अच्छी पहचान बनाई है.
आयोजन समिति ने लगातार टीमों से सम्पर्क बनाये रखा. जिसमें प्रमुख रूप से हॉकी इण्डिया के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, कुतबुद्दीन सोलंकी, रमेश कालिया नीलम जैन, भूषण साव, अजय झा, प्रकाश शर्मा, गणेश प्रसाद शर्मा एवं अन्य सदस्यों के प्रयासों से इस वर्ष हॉकी प्रतियोगिता में देश की 22 चुनिंदा टीमें भाग लेंगी.
बॉम्बे हॉकी एकादश मुंबई, एन.सी.आर. इलाहबाद, ए.एस.सी. जालघर एक सी.आई दिल्ली कस्टम पुना. आर.सी.एफ. कपूरथला, पेट्रोलियम इलेवन बी.सी. दानापुर डब्ल्यू.सी.आर. जबलपुर, सेल अकादमी राउरकेला, साई हॉस्टल भोपाल, पॉम्पोस हास्टल पाम्पोस साई हॉस्टल लखनऊ, बी.एस.एफ. जालंधर, स्पोटर्स हास्टल उत्तरप्रदेश, सुंदरगढ़ हास्टल सुंदरगढ़ छ.ग. हॉकी अकादमी बिलासपुर रेल्वे बिलासपुर, नवल टाटा जमशेदपुर और जवान जिला हॉकी संघ राजनांदगाँव की टीम भी इस खेल प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी.
इस अवसर पर उपस्थित हाकी इंडिया के फिरोज अंसारी ने बताया कि पुरस्कार मंहत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता की विजेता टीम को साढ़े पाँच किलो का रजत कप एवं 2.51 लाख रूपये का नगद पुरस्कार एवं उप विजेता टीम को रजत कप के साथ 2 लाख रुपये का नगद पुरस्कार दिया जावेगा. उक्त दोनो पुरस्कार क्रमश: बल्देव सिंह भाटिया एवं बहादुर अली एबीस ग्रुप के द्वारा प्रदान किया जाता है. इसके अलावा नरेश डाकलिया, निखिल दास वैष्णव, मनीष गौतम व सी.ए. राजेश जैन के द्वारा प्रत्येक मैच के लिये मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार, मैन ऑफ द टूर्नामेंट व अन्य व्यक्तिगत पुरस्कारों से खिलाड़ियो को पुरस्कृत किया जावेगा.
पूर्व महापौर नरेश डाकलिया ने कहा कि महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता आयोजन से न केवल राजनांदगाँव जिले के लोगो का मनोरंजन होगा अपितु लोगों में खेल भावना की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिलेगा साथ ही प्रदेश एवं देश में राजनांदगाँव जिले की अपनी एक पृथक पहचान जो स्थापित है उसे और गौरव मिलेगा. नगर के गणमान्य नागरिकों एवं खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु सहयोग करने की अपेक्षा की गयी है.
