4 आईएएस अधिकारियों को प्रमोशन: सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक अपर मुख्य सचिव, रोहित यादव व कमलप्रीत सिंह प्रमुख सचिव बने
रायपुर- छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के चार वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति प्रदान करते हुए नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं. इनमें 1997 बैच के दो अधिकारियों को अपर मुख्य सचिव तथा 2002 बैच के दो अधिकारियों को प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है.
1997 बैच के दो अफसर बने अपर मुख्य सचिव
जारी आदेश के अनुसार सुबोध कुमार सिंह को अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री तथा अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा विभाग एवं अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के साथ प्रमुख आवासीय आयुक्त, छत्तीसगढ़ भवन, नई दिल्ली की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वे वर्तमान में प्रमुख सचिव, मुख्यमंत्री तथा प्रमुख आवासीय आयुक्त, छत्तीसगढ़ भवन, नई दिल्ली के साथ प्रमुख सचिव, ऊर्जा विभाग एवं अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज का दायित्व संभाल रहे थे.
इसी प्रकार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव, गृह एवं जेल विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है. वे वर्तमान में प्रमुख सचिव, गृह एवं जेल विभाग के पद पर कार्यरत थीं.
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, नई दिल्ली द्वारा 13 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार मुख्य सचिव वेतनमान में पदोन्नति के लिए दो रिक्तियों का निर्धारण किया गया है. इसी के अनुरूप राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 19 नवम्बर 2026 को दोनों वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की नवीन पदस्थापना का आदेश जारी किया गया है.
2002 बैच के दो अधिकारी बने प्रमुख सचिव
छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2002 बैच के दो वरिष्ठ अधिकारियों डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव वेतनमान (Pay Matrix Level-15) में पदोन्नत करते हुए प्रमुख सचिव के पद पर पदस्थ किया है. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दोनों अधिकारियों की नवीन पदस्थापना निर्धारित की गई है.
जारी आदेश के अनुसार डॉ. रोहित यादव को प्रमुख सचिव, वित्त विभाग तथा अतिरिक्त प्रभार प्रमुख सचिव, जनसंपर्क विभाग एवं अध्यक्ष, पेंशन निराकरण समिति के पद पर पदस्थ किया गया है. वे वर्तमान में सचिव, वित्त विभाग तथा अतिरिक्त प्रभार सचिव, जनसंपर्क विभाग एवं अध्यक्ष, पेंशन निराकरण समिति का दायित्व संभाल रहे थे.
इसी प्रकार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है. वे वर्तमान में सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर कार्यरत थे.
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, नई दिल्ली द्वारा 13 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नति के लिए दो रिक्तियों का निर्धारण किया गया है. इसी के अनुरूप राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 19 नवम्बर 2026 को दोनों वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को पदोन्नत करते हुए नवीन पदस्थापना आदेश जारी किया गया है.
