खड़े ट्रक से भिड़ी तेज रफ्तार पिकअप, बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ अगला हिस्सा
बलौदाबाजार- जिले के पलारी थाना क्षेत्र से सड़क दुर्घटना सामने आई है. यहाँ पलारी रेस्ट हाउस के सामने एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस भयावह हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो दुर्घटना की भीषणता को बयां कर रहा है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक बलौदाबाजार की ओर से रायपुर जा रहा था. इसी दौरान पलारी रेस्ट हाउस के सामने संभवतः चालक को झपकी आ गई, जिसके चलते तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी. हादसे में पिकअप चालक और परिचालक दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं. भीषण टक्कर के बावजूद दोनों को खरोंच तक नहीं आई. वाहन की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि, टक्कर कितनी जोरदार थी. इसे किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है. घटना की सूचना के बाद पलारी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस दुर्घटना के कारणों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
