अवैध सोनोग्राफी संचालन की शिकायत पर बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर सीलबंद
खैरागढ़- नगर पंचायत गंडई के सामने संचालित ए ग्रुफ ऑफ बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर में अवैध रूप से सोनोग्राफी सेंटर संचालन की शिकायत पर जांच के बाद सीलबंद करने की कार्रवाई की गई.
कलेक्टर सह समुचित प्राधिकारी पीसीपीएनडीटी के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में शिकायत की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की गई थी. समिति ने जांच कर अपना प्रतिवेदन जिला सलाहकार समिति के समक्ष प्रस्तुत किया. जिला सलाहकार समिति पीसीपीएनडीटी के निर्णय तथा कलेक्टर सह समुचित प्राधिकारी के आदेश पर गठित टीम ने सेंटर को सीलबंद किया.
कार्रवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा, जिला नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी डॉ. मनीष बघेल तथा सदस्य डॉ. पंकज वैष्णव, डॉ. बोधन सिंह परते एवं डॉ. विवेक बिसेन उपस्थित रहे. जनसमुदाय के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिले में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
