दुर्ग जिला सहकारी बैंक ने पर्यवेक्षक संजय दिल्लीवार को किया निलंबित
दुर्ग- भारत सरकार के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ‘पैक्स कंप्यूटराइजेशन’ कार्य में घोर लापरवाही बरतने, समीक्षा बैठक (VC) से गायब रहने और बैंक अधिकारियों व कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार करने के आरोप में बड़ी कार्रवाई हुई है. जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग प्रबंधन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शाखा धमधा में पदस्थ बैंक पर्यवेक्षक संजय कुमार दिल्लीवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
जानकारी के अनुसार, बैंक मुख्यालय दुर्ग में 8 अक्टूबर 2026 को समितियों में चल रहे पैक्स कम्प्यूटराइजेशन कार्य का संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त पंजीयक सहकारी संस्थाएं दुर्ग संभाग दुर्ग के निर्देशानुसार विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा किया गया. जिसमें संजय दिल्लीवार पर्यवेक्षक शाखा धमधा की बारी आने पर वीसी से अनुपस्थित रहे एवं अपना मोबाइल भी बंद कर लिया गया. जबकि इस कार्य की समीक्षा के लिए सेंट्रल की टीम 03 दिवसीय छ.ग.राज्य के प्रवास पर है.
इसी विषय पर 9 अक्टूबर 2026 को आपके द्वारा मुख्यालय दुर्ग के पैक्स कम्प्यूटराइजेशन का कार्य देखने वाले कर्मचारी को मोबाइल से संपर्क कर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर आपत्ति व्यक्त करते हुए कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों एवं बैंक अधिकारियों के विरुद्ध अपशब्द का उपयोग कर दुर्व्यवहार किया गया. मुख्यालय द्वारा संजय दिल्लीवार पर्यवेक्षक के कार्यो में गंभीर लापरवाही किया जाना पाया गया उनके अधीनस्थ समितियों में पैक्स कम्पयूटराईजेषन में अत्यंत पिछड़ा हुआ है. इसी प्रकार अन्य कार्य जैसे ब्याज अनुदान खरीफ क्लेम, खाद का भौतिक सत्यापन, के.आर.पी. में क्लेम पिछड़ा हुआ है तथा शाखा/समिति स्तर के कालातीत ऋणों की वसूली में उदासीनता बरती गयी है. बैंक प्रबंधन के समक्ष विषय संज्ञान में आने पर प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए संजय कुमार दिल्लीवार पर्यवेक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया.
