झांसी से पकड़ा गया कबीरधाम का साइबर ठग
कबीरधाम – RTO चालान, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य शासकीय योजनाओं के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर लोगों के खातों से रकम उड़ाने वाले शातिर साइबर ठग को साइबर पुलिस थाना कबीरधाम ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया है. आरोपी लोगों को झांसे में लेकर उनके मोबाइल में फर्जी APK फाइल इंस्टॉल करवाता था. इसके बाद मोबाइल का एक्सेस हासिल कर बैंकिंग और UPI से जुड़ी गोपनीय जानकारियां चुरा लेता था और खातों से पैसे उड़ा देता था.
कबीरधाम साइबर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर दबिश देकर आरोपी को झांसी (यूपी) से धर दबोचा. पुलिस ने आरोपी के पास से 2 मोबाइल फोन, फर्जी SIM कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक और ATM कार्ड जब्त किए हैं. जांच में आरोपी की अन्य राज्यों में भी साइबर ठगी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है. गिरोह के अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है.
कबीरधाम पुलिस ने बताया कि पिछले 2 महीनों के भीतर साइबर अपराधों के 5 अलग-अलग मामलों में मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा है. किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए संदिग्ध APK लिंक या फाइल को कभी भी डाउनलोड या इंस्टॉल न करें. साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं.
