शेयर मार्केट में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ग्रामीण महिलाओं से 70.77 लाख की ठगी, आरोपी महिला गिरफ्तार
रायगढ़- शेयर मार्केट में कम समय में मोटा मुनाफा कमाने और रकम दोगुनी करने का लालच देकर ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख 77 हजार 901 रूपये की ठगी करने के मामले में रायगढ़ पुलिस की साइबर थाना टीम ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी महिला की पहचान मेनका सारथी (37 वर्ष), निवासी ग्राम बरतुंगा (थाना डभरा, जिला सक्ती) के रूप में हुई है. आरोपी महिला ग्रामीण इलाकों में घर-घर जाकर महिलाओं को शेयर बाजार में निवेश कर पैसे दोगुने करने का लालच देती थी. कई पीड़ित महिलाओं ने लोन लेकर भी रकम निवेश की थी. पुलिस जांच में आरोपी महिला के पति अक्षय सारथी और मां मीरा सोनवानी की भी इस ठगी में संलिप्तता पाई गई है, जिनकी गिरफ्तारी फिलहाल शेष है. पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है.साइबर पुलिस टीम ने आरोपी महिला के पास से तीन बैंक खाते, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए हैं.
