मोबाइल छुड़ाने के लिए मांगे थे पैसे, इनकार करने पर की वृद्ध महिला की हत्या
मुंगेली- जिले के पथरिया थाना और साकेत चौकी क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात का खुलासा हुआ है. महज 500 रुपये के लिए एक नाबालिग ने अपने ही गांव की पारिवारिक दादी समान वृद्ध महिला की हंसिया से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी थी. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में पुलिस, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम ने 6 दिनों के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अमोरा निवासी प्रार्थिया दिव्या भारती ने चौकी साकेत में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम उमरिया में उसकी मौसी सोनकलिया बाई डहरिया की 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात किसी अज्ञात आरोपी ने गला रेतकर हत्या कर दी है. मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की. मर्ग जांच में हत्या की पुष्टि होने पर 28.09.2026 को थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 242/2026 धारा 103(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन और DSP हरविन्दर सिंह के नेतृत्व में थाना पथरिया, साइबर सेल और चौकी साकेत की संयुक्त टीम गठित बनाई गई. टीम ने बेसिक पुलिसिंग, घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण, फॉरेंसिक साक्ष्य, तकनीकी एनालिसिस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. परिजनों और ग्रामीणों से विस्तृत पूछताछ में एक अहम क्लू मिला – हत्यारा बाहर का नहीं, बल्कि गांव का ही एक विधि से संघर्षरत बालक है.
पुलिस ने पंचायत भवन में बालक को उसके पिता/संरक्षक के साथ तलब कर गवाहों के समक्ष मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की. पहले घुमाया, फिर टूट गया. बालक ने बताया कि उसने अपना मोबाइल कहीं गिरवी रखा था. छुड़ाने के लिए उसे 500 रुपये की जरूरत थी. उसने अपनी पारिवारिक दादी लगने वाली सोनकलिया बाई से 500 रुपये मांगे. वृद्धा ने पैसा देने से मना कर दिया. इसी बात पर गुस्से में आकर उसने घर में रखी हंसिया से वृद्धा के गले पर प्राणघातक वार कर हत्या कर दी और फरार हो गया.
पुलिस ने आरोपी नाबालिग की निशानदेही पर घटना के समय पहने हुए खून लगे कपड़े – टी-शर्ट और जींस फुल पैंट उसके घर से बरामद किए. पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आज सामाजिक पृष्ठभूमि पत्र तैयार कर उसे अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड मुंगेली के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है.
इस अंधी हत्या का पर्दाफाश करने में निरीक्षक पवन देवांगन, उनि सत्येन्द्र गोस्वामी, सउनि रोशन टंडन सहित साइबर सेल और पथरिया थाने के 20 से अधिक जवानों की अहम भूमिका रही.
