वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी बधाई
रायपुर- एशियन गेम्स 2026 में सोमवार को विध्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा में देश के लिए कांस्य पदक जीता. रामराज ने रोमांचक फाइनल में 54.75 सेकेंड के साथ अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और तीसरा स्थान हासिल किया. इसी के साथ साथ वित्या ने दिग्गज भारतीय एथलीट पीटी उषा के 42 साल पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया. भारतीय एथलीट पूरी रेस के दौरान मेडल की दौड़ में बनी रहीं. उन्होंने अंतिम क्षणों में भी अपनी स्थिति बनाए रखी, लेकिन वह मरियम करीम का मुकाबला नहीं कर सकीं. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की मरियम करीम ने 54.31 सेकेंड के गेम्स-रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि कजाकिस्तान की एडेलिना जम्स ने 54.58 सेकेंड के अपने पर्सनल बेस्ट समय के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया.
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने एशियन गेम्स 2026 की महिला 400 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने और नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने पर भारतीय एथलीट विध्या रामराज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं.
श्री चौधरी ने कहा कि विध्या रामराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महान भारतीय एथलीट पी.टी. उषा के लंबे समय से कायम राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर भारतीय एथलेटिक्स में नया अध्याय लिखा है. एशियन गेम्स के प्रतिष्ठित मंच पर कांस्य पदक के साथ यह उपलब्धि हासिल करना पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने कहा कि विध्या की यह ऐतिहासिक उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है. उनका प्रदर्शन देश की युवा खेल प्रतिभाओं, विशेषकर बेटियों को नई ऊंचाइयां छूने के लिए प्रेरित करेगा. वित्त मंत्री श्री चौधरी ने विध्या रामराज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर देश का गौरव बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं.
