एंड-टू-एंड विवेचना से खुल रही अवैध शराब नेटवर्क की कड़ियां
राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अवैध शराब के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. ‘एंड-टू-एंड’ विवेचना के जरिए अवैध शराब नेटवर्क की कड़ियों को खंगालते हुए पुलिस ने 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के साथ ही इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 14 हो गई है.
पूर्व में की गई कार्रवाई के दौरान सामने आए तथ्यों एवं प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा 25 सितंबर 2026 को 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी (27 वर्ष) एवं रमाशंकर राजपूत उर्फ बाबा ठाकुर (55 वर्ष) शामिल हैं. प्रकरण में अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
गिरफ्तार आरोपी एवं जप्त सामग्री
- महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी, पिता कुमार वर्मा, उम्र 27 वर्ष, निवासी मोहारा, पुलिस चौकी मोहारा, थाना डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव.
आरोपी की निशानदेही पर ग्राम मोहारा में उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा स्प्रिट अंग्रेजी शराब की 50 पेटियां जप्त की गईं. प्रत्येक पेटी में 48 नग के हिसाब से कुल 2,400 नग बोतल, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 432 बल्क लीटर शराब, जिसकी अंकित कीमत ₹91,200/- है, बरामद की गई.
इसके अतिरिक्त 01 सफेद रंग की Creta कार एवं 01 मोबाइल फोन भी जप्त किया गया. आरोपी से जप्त सामग्री की कुल कीमत ₹11,12,000/- अंकित है.
- रमाशंकर राजपूत उर्फ बाबा ठाकुर, पिता स्व. अमृत लाल राजपूत, उम्र 55 वर्ष, निवासी बैकुंठधाम अम्रपाली, वैशाली नगर, वार्ड क्रमांक 35, भिलाई, जिला दुर्ग.
आरोपी की निशानदेही पर कचना, चौकी बिरेझर जिला धमतरी के फार्महाउस से उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा स्प्रिट अंग्रेजी शराब की 150 पेटियां जप्त की गईं. प्रत्येक पेटी में 48 नग के हिसाब से कुल 7,200 नग बोतल, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 1,296 बल्क लीटर शराब, जिसकी अंकित कीमत ₹2,73,600/- है, बरामद की गई.
इसके अतिरिक्त 01 सफेद रंग की Brezza कार एवं 01 मोबाइल फोन भी जप्त किया गया. आरोपी से जप्त सामग्री की कुल कीमत ₹7,93,000/- अंकित है.
इस प्रकार दोनों आरोपियों से कुल 200 पेटी, 9,600 नग शराब की बोतलें, कुल 1,728 बल्क लीटर शराब, 02 चारपहिया वाहन एवं 02 मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं. जप्त सामग्री की कुल कीमत ₹19,05,000/- है.
विवरण
प्रकरण की विवेचना में सामने आया है कि रमाशंकर राजपूत उर्फ बाबा ठाकुर द्वारा अपने अन्य सहयोगियों के साथ उक्त शराब मंगवाकर भंडारित किया गया था, तथा सहयोगियों के माध्यम से शराब की सप्लाई की जाती थी. वहीं महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी द्वारा उक्त शराब मोहारा क्षेत्र में बिक्री के लिए प्राप्त किया जाना सामने आया है. प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर शराब के स्रोत, परिवहन, भंडारण एवं वितरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है. जप्त वाहनों एवं मोबाइल फोन से प्राप्त जानकारी तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जा रहा है. पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियों को चिन्हित करने तथा प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है.
