बारिश के चलते आज निकलेगी गणेश विसर्जन झांकी, राजनांदगांव में 26 और 27 सितंबर को बदला रहेगा ट्रैफिक रूट
राजनांदगांव- लगातार हो रही बारिश को देखते हुए गणेश समिति के पदाधिकारियों और पुलिस-प्रशासन की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि 26 सितंबर 2026 को राजनांदगांव शहर में गणेश विसर्जन झांकी निकाली जाएगी. प्रतिमाओं का विसर्जन 26 और 27 सितंबर को मोहारा कुण्ड में संपन्न होगा. इस दौरान शहर में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की बड़ी संख्या में आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस राजनांदगांव द्वारा 26 सितंबर 2026 के दोपहर 02:00 बजे से 27 सितंबर 2026 के सुबह 10:00 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है.
यातायात पुलिस द्वारा आम नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निम्नानुसार यातायात डायवर्सन एवं पार्किंग व्यवस्था की गई है—
फरहद चौक, ट्रांसपोर्ट नगर, मोहारा बायपास, गठुला एवं सीआईटी बायपास से राजनांदगांव शहर की ओर आने वाले सभी हल्के एवं भारी चारपहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
बीजेपी कार्यालय एवं 18 एकड़ कट से वाहनों का डायवर्सन किया जाएगा. राजनांदगांव शहर से होकर खैरागढ़ की ओर जाने वाले वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें.
बालोद की ओर से आने वाले वाहनों का डायवर्सन हल्दी मोड़ से किया जाएगा. वाहन चालक असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें.
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान भारी वाहनों का डायवर्सन दिनांक 26.09.2026 को प्रातः से दिनांक 27.09.2026 को प्रातः 10:00 बजे तक हल्दी तिराहा से किया जाएगा.
डोंगरगांव एवं बालोद की ओर से आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल साइंस कॉलेज, गुजराती स्कूल एवं बख्शी स्कूल निर्धारित किए गए हैं.
तुमड़ीबोड़ एवं सुकुलदैहान की ओर से आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल प्यारेलाल स्कूल निर्धारित किया गया है.
खैरागढ़ एवं दुर्ग की ओर से आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल स्टेट स्कूल एवं फ्लाईओवर के नीचे निर्धारित किया गया है.
गणेश विसर्जन झांकी का मार्ग
गणेश विसर्जन झांकियां मानव मंदिर चौक में महावीर चौक, गुरुद्वारा चौक एवं दुर्गा चौक तीनों ओर से प्रवेश कर आजाद चौक, भारत माता चौक, कामठी लाइन, सुरजन गली, रामाधीन मार्ग, तिरंगा चौक होते हुए गंज चौक की ओर जाएंगी तथा शहर से बाहर निकलेंगी.
झांकी निकलने वाले उक्त मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. आम नागरिकों से अपील है कि झांकी मार्ग पर अपने वाहनों का प्रवेश न कराएं तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्ग एवं पार्किंग स्थलों का उपयोग कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.
यातायात पुलिस राजनांदगांव आम नागरिकों से अपील करती है कि गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, निर्धारित मार्गों पर वाहन खड़ा न करें तथा यातायात पुलिस द्वारा किए गए डायवर्सन एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें.
