मोहारा ओवरब्रिज के पास ट्रक चालक से लूट की कोशिश और चाकू दिखाकर धमकी देने वाले नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार
राजनांदगांव- मोहारा ओवरब्रिज के नीचे एक ट्रक चालक से पैसों की मांग, मारपीट, गाली-गलौज और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले गिरोह के खिलाफ राजनांदगांव की बसंतपुर पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर एक आरोपी को दबोचा, वहीं घटना के बाद फरार 2 अन्य आरोपियों सहित 1 विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को भी अपनी हिरासत में ले लिया.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 18 सितम्बर 2026 की रात लगभग 08ः00 बजे की है. टाटीबंध रायपुर निवासी प्रार्थी (ट्रक चालक) अजीत कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोहारा ओवरब्रिज के नीचे चार युवक एक ट्रक को रोककर ट्रक चालक के साथ अश्लील गाली-गलौज, मारपीट एवं पैसों की मांग कर रहे हैं तथा चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस महज 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया. वहीं दो आरोपी और उनका एक नाबालिग साथी मौके से फरार हो गए. प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 441/2026 अंतर्गत धारा 296, 115(2), 351(2), 119, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं थाना बसंतपुर प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर महज 03 घंटे के भीतर फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद कर जप्त किया गया तथा प्रकरण में धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट जोड़ी गई. गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया, जबकि 01 विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को विधिक प्रक्रिया के तहत अभिरक्षा में लिया गया.
गिरफ्तार आरोपी
- अफजल आलम (22 वर्ष), निवासी बैगापारा अटल आवास, राजनांदगांव.
- दिलीप साहू (29 वर्ष), निवासी बाबा होटल के पीछे, चिखली, राजनांदगांव.
- डेविड कुमार (33 वर्ष), निवासी बैंगापारा, राजनांदगांव.
- 01 विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक.
