डीजे पर 4 बेस-4 टॉप का नियम लागू
राजनांदगांव- गणेश उत्सव के उपरांत आयोजित होने वाली विसर्जन झांकी एवं विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में जिले की 33 गणेश विसर्जन झांकी समितियों के पदाधिकारियों तथा डीजे/धुमाल संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए.
बैठक का आयोजन कलेक्टर जितेन्द्र यादव एवं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में सी.एल. मारकण्डे, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी, कीर्तन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले की 33 गणेश विसर्जन झांकी समितियों के पदाधिकारियों तथा झांकी में डीजे/धुमाल पार्टी संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
निर्धारित रूट एवं आपसी समन्वय
बैठक में सभी झांकी समितियों को निर्देशित किया गया कि झांकी को निर्धारित रूट पर ही निकाला जाए तथा विभिन्न स्थानों से आने वाली झांकियों के बीच आपसी समन्वय एवं निर्धारित समय का पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे झांकी के दौरान अनावश्यक भीड़ एवं यातायात जाम की स्थिति निर्मित न हो.
डीजे एवं ध्वनि व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश
माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा ध्वनि प्रदूषण के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने हेतु डीजे संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया. झांकी में 04 बेस एवं 04 टॉप, कुल 08 साउंड सिस्टम निर्धारित सीमा में ही संचालित करने तथा ध्वनि की तीव्रता निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने हेतु कहा गया.
इसके साथ ही अश्लील, आपत्तिजनक अथवा विवादित गाने नहीं बजाने तथा कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए.
ईंधन एवं वाहन व्यवस्था में लापरवाही पर विशेष ध्यान
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि झांकी में प्रयुक्त वाहन एवं जनरेटर में पर्याप्त मात्रा में ईंधन की व्यवस्था पूर्व से सुनिश्चित की जाए. झांकी के बीच में ईंधन समाप्त होने के कारण वाहन रुकने से यातायात बाधित होकर जाम की स्थिति निर्मित हो सकती है, इसलिए समितियां पहले से आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें.
झांकी में लगे वाहनों के चालक अपने वाहन को छोड़कर अनावश्यक रूप से इधर-उधर न जाएं तथा वाहन की चाबी अपने पास रखें, ताकि झांकी के दौरान वाहन के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो.
राजनांदगांव पुलिस द्वारा सभी झांकी समितियों एवं डीजे संचालकों से अपील की गई है कि प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन करते हुए गणेश विसर्जन झांकी को शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने में सहयोग प्रदान करें.

