यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी, 1 की मौके पर ही मौत, 20 से अधिक घायल
बालोद- जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. यह दुर्घटना बालोद थाना क्षेत्र के करहीभदर मोड़ के पास पेट्रोल पंप के आगे नाले के नजदीक हुई. बस पलटने से एक यात्री की नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, डीआरडी (DRD) कंपनी की बस बालोद से धमतरी की ओर जा रही थी. जैसे ही बस करहीभदर मोड़ के पास पहुंची, अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस अनियंत्रित होकर नाले के पास पलट गई. हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़े. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस के शीशे और खिड़कियों से फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. बस के नीचे दबे एक यात्री को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं. सूचना मिलते ही बालोद पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल बालोद भेजा गया. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल हादसे की सूचना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. शुरुआती तौर पर बस की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है. हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
