जेसीआई रायपुर संस्कार का जेसीआई सप्ताह 2026 संपन्न, 7 दिनों तक चले सेवा और सामाजिक जागरूकता के अभियान
रायपुर- जेसीआई रायपुर संस्कार द्वारा आयोजित सात दिवसीय ‘जेसीआई सप्ताह 2026’ का समापन समारोह सुख सागर, पंडरी (रायपुर) में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण माहौल में रविवार को संपन्न हुआ. इस सात दिवसीय अभियान के तहत पर्यावरण, युवा, डिजिटल सुरक्षा, व्यापार, परिवार और समाजसेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं.
समारोह में मुख्य अतिथि जेसीआई सीनेटर लीना वाढेर तथा विशेष अतिथि कविता राठी (समाजसेवी व प्रदेश मीडिया प्रभारी, वनबंधु परिषद) उपस्थित रहीं. अतिथियों ने संस्था के सात दिवसीय सेवा कार्यों की सराहना की. इसके अलावा, अध्याय समन्वयक जेसीआई सीनेटर नीलेश शाह, अध्याय प्रभारी सीए सागर जैन, पूर्व अध्यक्ष जेसी आदित्य टिकरिहा, जेसी सुनील गुरनानी, पंकज जदवानी, पवन खेमानी और प्राची प्रेमानी समेत संस्था के वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे.
सात दिन, सात विषय और समाजहित के कार्यक्रम
जेसीआई सप्ताह के प्रथम दिन स्थायित्व एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित सतत पेय अभियान आयोजित किया गया. इसके अंतर्गत स्टेनलेस स्टील बोतलों का वितरण नगर निगम के स्वच्छता कर्मचारियों, श्रमिकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालयीन कर्मचारियों के बीच किया गया. अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक के विकल्प को अपनाने का संदेश दिया गया. कार्यक्रम निदेशक – जेसी विजय सोनी.
दूसरे दिन युवा आवाज कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित किया गया. अंजनेय विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रबंधन एवं वाणिज्य के लगभग 200 विद्यार्थियों ने सहभागिता की. कार्यक्रम निदेशक – प्रशिक्षण उपाध्यक्ष जेसी एचजीएफ भास्कर साहू.
तीसरे दिन डिजिटल सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रबंधन संस्थान में पुलिस आयुक्तालय रायपुर की साइबर टीम के सहयोग से विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिकता के संबंध में जानकारी दी गई.कार्यक्रम निदेशक – जेसी सूरज हेडाऊ.
चौथे दिन व्यवसायिक संपर्क एवं उद्यमिता को केंद्र में रखते हुए व्यवसायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के माध्यम से सदस्यों एवं व्यवसायियों को आपसी संपर्क, संवाद एवं व्यावसायिक सहयोग के लिए मंच प्रदान किया गया.कार्यक्रम निदेशक – जेसी नरेंद्र दसवानी.
पांचवें दिन सदस्यता विस्तार अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक युवाओं को जेसीआई की विचारधारा, नेतृत्व विकास एवं सामाजिक सेवा से जोड़ने का प्रयास किया गया.कार्यक्रम निदेशक – जेसी गौरांग काचा.
छठे दिन संस्कार परिवार उत्सव के अंतर्गत जेसीआई सदस्यों एवं उनके परिवारजनों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया गया. इसका उद्देश्य पारिवारिक सौहार्द एवं आपसी संबंधों को और मजबूत करना रहा. कार्यक्रम निदेशक – जेसी गौरांग काचा.
सातवें एवं अंतिम दिन सम्मान एवं अभिनंदन को केंद्र में रखते हुए संस्था तथा समाज के लिए योगदान देने वाले सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रयासों को सम्मानित किया गया. समापन समारोह में पुरस्कार वितरण, पारिवारिक खेल एवं सामूहिक भोज का आयोजन किया गया. कार्यक्रम निदेशक – जेसी गौरांग काचा.
पूरे जेसीआई सप्ताह के सफल संचालन में जेसीआई सप्ताह कार्यक्रम निदेशक जेसी सूरज हेडाऊ की महत्वपूर्ण भूमिका रही. सभी कार्यक्रम निदेशकों, संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई.
जेसीआई रायपुर संस्कार की अध्यक्ष जेसी बरखा अंडानी एवं सचिव जेसी जेएफएम अंकित दास मानिकपुरी ने मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि, अध्याय समन्वयक, अध्याय प्रभारी, पूर्व अध्यक्षों, जोन प्रशिक्षक, वरिष्ठ सदस्यों, सभी कार्यक्रम निदेशकों, सदस्यों, परिवारजनों, सहयोगी संस्थाओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
उन्होंने कहा कि जेसीआई सप्ताह का उद्देश्य केवल सात दिनों तक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि सेवा, नेतृत्व, पर्यावरण संरक्षण, युवा शक्ति, डिजिटल जागरूकता, व्यवसायिक विकास, सदस्यता विस्तार, परिवार एवं सम्मान जैसे विभिन्न आयामों को समाज से जोड़ना रहा.
सात दिनों की विविध गतिविधियों के माध्यम से जेसीआई रायपुर संस्कार ने “77 वर्षों की विरासत, 7 दिनों का अनंत प्रभाव” की भावना को सार्थक करते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया.
समापन समारोह में सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की. पुरस्कार एवं सम्मान, पारिवारिक खेलों तथा सामूहिक भोज के साथ जेसीआई सप्ताह 2026 का भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ.
