एनीकट पार करते समय नदी में गिरे बाइक सवार, एक की बची जान, दूसरे की मौत
दुर्ग- जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत ओदरागहन एनीकट पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. खारून नदी के एनीकट पार करते समय जमी काई के कारण बाइक फिसलने से दो युवक नदी में जा गिरे. इनमें से एक युवक ने बाइक पकड़कर किसी तरह अपनी जान बचा ली, जबकि दूसरा युवक पानी के तेज बहाव में बह गया. शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बहे युवक का शव बरामद कर लिया है.मृतक की पहचान धमतरी जिले के ग्राम तर्रा गोंदी (थाना भखारा) निवासी सुरेंद्र कुमार यादव (38 वर्ष) केरूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्त विश्वकर्मा जयंती का कार्यक्रम देखने आए थे. 17 सितंबर की शाम करीब 6 बजे लौटते समय वे ओदरागहन एनीकट से खारून नदी पार कर रहे थे. एनीकट पर करीब एक फीट पानी बह रहा था, लेकिन सतह पर काई जमा होने के कारण अचानक बाइक फिसल गई और दोनों संतुलन खोकर नदी में गिर गए. एक युवक ने तत्परता दिखाते हुए बाइक को पकड़ लिया और सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन सुरेंद्र यादव पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए. हादसे की सूचना पर रानीतराई पुलिस ने रात में ही स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की. अगले दिन दुर्ग SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन रेस्क्यू ऑपरेशन और बड़ी मशक्कत के बाद शव को ढूंढ निकाला.
