महादेव सट्टा एप : सौरभ चंद्राकर ओमान से प्रत्यर्पित, सीबीआई टीम लेकर पहुंची भारत, आज रायपुर कोर्ट में होगी पेशी
रायपुर- महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने मुख्य आरोपी और सिंडिकेट प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित कर लिया गया है. सीबीआई की विशेष टीम उसे मस्कट (ओमान) से भारत लेकर पहुंच चुकी है, जहां से ट्रांजिट रिमांड और मेडिकल जांच के बाद उसे 2 नवंबर को रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा.
सीबीआई द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था. इसी आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने उसे ओमान में हिरासत में लिया. इसके बाद सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय ने जुटाए गए साक्ष्यों के साथ ओमान सरकार को औपचारिक प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजा. भारत सरकार की विभिन्न एजेंसियों, एनसीबी और ओमान अधिकारियों के समन्वय से यह प्रत्यर्पण प्रक्रिया पूरी की गई.
जांच में खुलासा हुआ है कि अवैध सट्टेबाजी से हासिल रकम को दर्जनों म्यूल (बोगस) बैंक खातों के माध्यम से घुमाया जाता था और फिर हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजा जाता था. सिंडिकेट को निर्बाध चलाने के लिए अवैध कमाई का बड़ा हिस्सा संरक्षण राशि के रूप में भी बांटा जाता था.
सौरभ चंद्राकर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988, आईपीसी की आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी व जालसाजी की धाराओं और छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत दो मामलों में आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल हैं. प्रवर्तन निदेशालय ने मामले में अभियोजन शिकायत दर्ज की है और भारत व विदेशों में उसकी कई संपत्तियों को अटैच किया है.
सीबीआई ने इस सफल प्रत्यर्पण के लिए ओमान सरकार और रॉयल ओमान पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए इसे संगठित अंतरराष्ट्रीय अपराध के खिलाफ भारत की बड़ी उपलब्धि बताया है.
