महिला को जिंदा जलाने की कोशिश, पुलिस जांच में आरोपी की हुई पहचान
रायपुर- राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र अंतर्गत माना बस्ती से बरौंदा जाने वाले कनेक्टिंग रोड पर एटीसी के पीछे गेट नंबर 5 के पास 13 सितंबर की रात लगभग 8:32 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. रात के अंधेरे में एक अज्ञात आरोपी द्वारा एक महिला पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया गया.
डायल 112 को सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस द्वारा तुरंत की गई त्वरित कार्रवाई के दौरान पीड़ित महिला की पहचान राजकुमारी साहू (पति: खुमान साहू) के रूप में हुई है, जो मोखला (थाना आरंग) की निवासी है. जांच के दौरान आरोपी की पहचान वीरू धीवर के रूप में की गई है. पुलिस की प्राथमिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है. पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है.
