फर्जी ई-मेल से गुमराह करता रहा कैशियर
दुर्ग- भिलाई स्थित हाईटेक अस्पताल में लगभग 32 लाख रुपये के गबन मामला सामने आया है. अस्पताल में कैशियर के पद पर कार्यरत कर्मचारी ने संस्थान की रकम बैंक में जमा कराने के बजाय खुद रख ली और प्रबंधन को झांसा देने के लिए फर्जी ई-मेल भेजता रहा. संचालक की शिकायत पर स्मृति नगर चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कैशियर को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, अस्पताल के संचालक मनोज अग्रवाल ने स्मृति नगर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि अस्पताल में पिछले करीब 6 वर्षों से कैशियर के पद पर कार्यरत रुआबांधा निवासी जसविंदर सिंह (46) द्वारा अस्पताल की राशि बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रखकर संस्थान को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है. इस तरह कुल 32 लाख रुपये के गबन का खुलासा हुआ. शिकायत मिलने के बाद पुलिस द्वारा उपलब्ध दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन एवं अन्य संबंधित तथ्यों की जांच की गई. जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने कैशियर के पद का दुरुपयोग करते हुए संस्थान की लगभग 32 लाख रुपये की राशि का गबन किया है. इसके बाद स्मृति नगर पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर गबन की राशि से खरीदा गया मोबाइल फोन जब्त किया गया. आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
