अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई यात्रियों से भरी बस, ड्राइवर की मौत, 15 से अधिक घायल
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर- जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सीधे एक बड़े पेड़ से जा टकराई. इस भीषण दुर्घटना में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं. घायलों में से 4 की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस लगभग 30 यात्रियों को लेकर मनेंद्रगढ़ से केल्हारी के लिए रवाना हुई थी. यात्रा के दौरान जैसे ही बस केल्हारी थाना अंतर्गत सेमरमथानी मोड़ के पास पहुंची, अचानक वाहन से चालक का नियंत्रण छूट गया और तेज रफ्तार बस सीधे पेड़ से जा भिड़ी. टक्कर होने से बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई.
इधर सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
