भिलाई में दो दिवसीय OBC महाधिवेशन में जुटेंगे देशभर के प्रबुद्धजन
भिलाई- सेक्टर-7 स्थित कुर्मी भवन के डॉ. खूबचंद बघेल सभागार में 22 और 23 अगस्त को दो दिवसीय ‘अखिल भारतीय OBC संगम’ का आयोजन होने जा रहा है. ‘OBC संगम छत्तीसगढ़ (पे बैक टू सोसाइटी)’ के तत्वावधान में आयोजित यह सम्मेलन बी. पी. मंडल की 108वीं जयंती को समर्पित है, जिसमें छत्तीसगढ़, यूपी, बिहार, मध्यप्रदेश, झारखंड महाराष्ट्र समेत देशभर के प्रबुद्धजन, चिंतक और युवा वर्ग बड़ी संख्या में जुटेंगे. कार्यक्रम में सामाजिक चेतना, शैक्षणिक अधिकार और हक की लड़ाई को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी. इस अवसर पर मध्यप्रदेश के पूर्व केबिनेट मंत्री राजमणि पटेल, निषाद सेना एवं भारतीय जन जागृति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहाब आनंद निषाद, पटना हाईकोर्ट के एड्वोकेट रामेश्वर ठाकुर, ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेस फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव डा.आर.पी. साहू, ओबीसी जन जागृति मिशन जौनपुर के अखिल कुमार, कल्याण सिंह देहरादून, ओबीसी महासभा मध्यप्रदेश के युवा मोर्चा अध्यक्ष हेमंत साहू, ओबीसी महासभा कर्मचारी मोर्चा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राम जी से कबीर, हाईकोर्ट नई दिल्ली के एड्वोकेट राधेश्याम कंसौटिया, अखिल भारतीय तैलिक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम अस्तोलिया के अलावा महिला सत्र में डॉ. दीप्ति धुरंधर, पार्वती साहू एवं लता सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे.
दो दिवसीय कार्यक्रम में OBC आंदोलन में विभिन्न जातियों की उपयोगिता एवं भागीदारी, महिलाओं की स्थिति, अंधविश्वास उन्मूलन, महिला नेतृत्व व वैज्ञानिक चेतना. अनुच्छेद 340, कॉलेजियम, न्याय में देरी और कानूनी उपचार पर मंथन. आरक्षण, जाति जनगणना, क्रीमी लेयर, EWS, लैटरल एंट्री और निजीकरण के मुद्दे. सरकारी स्कूलों की बंदी, पेपर लीक, बेरोजगारी, UGC बिल, डिजिटल जागरूकता एवं वैज्ञानिक सोच पर विचार मंथन होने के साथ-साथ 13 सूत्रीय मांगों पर सहमति ली जाएगी. उक्त जानकारी कार्यक्रम संयोजक विष्णु बघेल ने दी.



