शिवनाथ के मोहारा तट से जल लेकर निकले कांवड़िया: नंदई चौक पर कांवड़ियों पर हुई पुष्प वर्षा, बेलपत्र पाकर खिले शिवभक्त
राजनांदगांव- श्रावण मास के तीसरे सोमवार को संस्कारधानी राजनांदगांव में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. हज़ारों की संख्या में शिवभक्त कांवड़ियों ने जीवनदायिनी शिवनाथ नदी के मोहारा स्थित तट से पवित्र जल भरकर शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया.
इस मौके पर शहर के नंदई चौक में भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत की अगुवाई में कांवड़ियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया. वहीं शिव भक्तों को बेलपत्र का वितरण किया गया. प्रसाद स्वरूप बेलपत्र पाकर कांवड़ियों, मौजूद श्रद्धालुओं और शिव भक्तों का उत्साह दोगुना हो गया और पूरा क्षेत्र हर हर महादेव और बम बम भोले के जयकारों से गूंज उठा. कांवड़ियों ने स्वागत और सेवाकार्य की सराहना करते हुआ आभार व्यक्त किया.
जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने बताया कि शिव भक्त कांवड़ियों के स्वागत में उनके द्वारा प्रतिवर्ष स्वागत पंडाल लगाकर पुष्प वर्षा की जाती है, और भेंट स्वरूप बेलपत्र वितरण किया जाता है. उन्होंने बताया कि कांवड़ियों के स्वागत कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नेता गण भी शामिल होते हैं. उन्होंने जानकारी दी कि सावन के चतुर्थ सोमवार को भी कांवड़ियों का ऐसा ही दिव्य और अलौकिक स्वागत-सत्कार किया जाएगा.
इस अवसर पर डीसी जैन, भागचंद गिड़िया, पार्षद राजा मखीजा, विजय राय, अरुण साहू, सतीश साहू, रघुवीर वाधवा, हकीम खान, मूलचंद भंसाली, नामिताभ जैन, आत्मा राम साहू, विजय हरिहरणों, गणेश साहू, मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.



