सीएम साय समेत कई नेताओं ने दी बधाई
भिलाई- अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का जन्मदिन आज सरस्वती शिशु मंदिर, शिवपुरी जामुल में बेहद उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया. इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा के अनेक वरिष्ठ नेताओं तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें सोशल मीडिया और व्यक्तिगत रूप से बधाई दी एवं उनके दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की.
अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सबसे वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं. 12 अगस्त 1948 को जन्मे कोर्सेवाड़ा ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से राजनीति शास्त्र में एम.ए. और बी.एड. की शिक्षा प्राप्त की है. वे 2023 में निर्वाचित छत्तीसगढ़ विधानसभा के सबसे बुजुर्ग विधायकों में शामिल हैं. वे पूर्व सांसद ताराचंद साहू के निज सचिव भी रहे है.

राजनीतिक सफर और प्रमुख उपलब्धियां
वे वर्ष 2008 में अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से पहली बार भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे. दो टर्म के अंतराल के बाद पार्टी ने उन पर पुनः विश्वास जताया और उन्होंने 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को 25,263 वोटों के बड़े अंतर से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की. उनकी वरिष्ठता और अनुभव को देखते हुए उन्हें नवंबर 2025 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ‘अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण’ का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया. सामाजिक चेतना और उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के कर-कमलों से प्रतिष्ठित “गुरु घासीदास सम्मान” से भी नवाजा जा चुका है.
विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के जन्मदिन पर आयोजित इस कार्यक्रम में विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक लाभचंद बाफना, भिलाई-3 नगर पालिक निगम के सभापति कृष्णा चंद्राकर, पूर्व विधायक एवं भिलाई जिला भाजपा प्रभारी रामजी भारती, वरिष्ठ भाजपा नेता राधेश्याम वर्मा, मन्नूलाल परगनिहा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शशि बघेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रेखराम बंछोर, हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह (छोटू), हरेंद्र यादव, भाजपा नेता रविशंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता,और आम नागरिक शामिल हुए.


