नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में 4 साल से फरार आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार
राजनांदगांव- थाना बागनदी पुलिस ने विगत चार वर्षों से फरार चल रहे दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले के आरोपी को गिरफ्तार की है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) डोंगरगढ़ के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में बागनदी पुलिस टीम ने धारा 363, 366, 376 भादवि एवं धारा 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत लंबे समय से फरार आरोपी रमेश शास्त्री (उम्र 34 वर्ष), निवासी ग्राम धौराभांठा, तहसील बिल्हा, थाना हिर्री, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया.
उल्लेखनीय है कि आरोपी के खिलाफ माननीय सत्र न्यायालय राजनांदगांव द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल दाखिल कराया.
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, सहायक उपनिरीक्षक भागवत प्रसाद धुर्वे तथा आरक्षक दिलीप बांधे का सराहनीय योगदान रहा.

