शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़: 11 मिनट में की चोरी, 13.70 लाख के माल के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
बेमेतरा- सायबर सेल और सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस की संयुक्त टीम ने कई संगीन आपराधिक मामलों में संलिप्त एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. शतिर चोरों ने शहर के वार्ड 12 सिंघौरी में चोरी की घटना को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, टीवी, मोबाइल, हुक, गोल्ड प्लेज कार्ड, गोल्ड लोन की पर्चियां और नगदी रकम बरामद की है. जब्त की गई कुल सामग्री की अनुमानित कीमत 13,70,000/- (13 लाख 70 हजार रुपये) बताई जा रही है.
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि वार्ड-12 सिंघौरी निवासी पवन शाह (36) ने 22 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार 21 और 22 जुलाई की दरमियानी रात 2:42 बजे से 2:53 बजे के बीच दो बदमाश घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखे करीब 4.60 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर तथा 1 लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए. पूरी वारदात महज 11 मिनट में अंजाम दी गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की. डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल की जांच की गई. इसके बाद साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्धों की पहचान की. पूछताछ में अजय कुमार जैन, मोहम्मद सुमोन खान और राजेश निषाद ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 5 में से 4 आरोपियों के खिलाफ पहले से ही चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, जुआ और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं के तहत दर्जनों मामले दर्ज हैं
गिरफ्तार आरोपी
- अजय कुमार जैन पिता सुरेश जैन उम्र 40 वर्ष निवासी वार्ड न. 19 वर्धमान नगर राजनांदगांव हाल पता वार्ड न. 40 बसंतपुर चौक राजनांदगांव जिला राजनांदगांव.
- मोहम्मद सुमोन खान पिता मोहम्मद सलाम खान उम्र 24 साल निवासी ग्राम शाहपुकुर थाना कुमरगंज जिला दक्षिण दिनाजपुर पश्चिम बंगाल, हाल पता -जामखंडी थाना जामखंडी जिला भागलकोट कर्नाटका.
- राजेश निषाद पिता रामा निषाद उम्र 36 वर्ष साकिन शिकारी महका थाना छुरिया जिला राजनांदगांव.
- दिव्या बाई सांखला (जैन) पति अजय कुमार जैन उम्र 37 वर्ष निवासी वार्ड न. 19 वर्धमान नगर राजनांदगांव हाल पता वार्ड न. 40 बसंतपुर चौक राजनांदगांव जिला राजनांदगांव.
- आदित्य जैन पिता अशोक जैन उम्र 33 वर्ष निवासी संचालक कोचर ज्वेलर्स सिनेमा लाईन राजनांदगांव थाना कोतवाली राजनांदगांव जिला राजनांदगांव.

