ताने से आगबबूला देवर बना भाभी का हत्यारा: साड़ी से दबाया गला, गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
राजनांदगांव- जिले के तुमड़ीबोड़ चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेंडरवानी में हुई एक महिला की संदिग्ध मौत का पर्दाफाश करते हुए पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महज 3 घंटे के भीतर अंधी हत्या (ब्लाइंड मर्डर) की गुत्थी सुलझा ली है. मृतका की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके सगे देवर ने केवल इस बात पर कर दी थी कि भाभी उसे काम न करने और घर पर बैठकर खाने का ताना देती थी.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31. जुलाई 2026 को पुलिस चौकी तुमडीबोड़ क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पेण्डरवानी निवासी 28 वर्षीय महिला तामेश्वरी साहू पति जैयपाल साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर अन्दर कमरे में शव मिला था. जिसे परिजनो द्वारा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री ले जाया गया. जहां डॉक्टर द्वारा महिला को मृत घोषित कर दिया गया. मृत्यु की सूचना पर तुमडीबोड पुलिस द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर मर्ग कायम कर जॉच में लिया गया. घटना स्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों एवं वैज्ञानिक अधिकारी की उपस्थिति में बारिकी से वैज्ञानिक पद्धति से जॉच की गई.
जांच के दौरान शव का पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम मेडिकोलिगल चिकित्सको की टीम से शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पेण्ड्री, राजनांदगांव में कराया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मृतिका की मृत्यु गला घोटने से दम घुटने से होना पाया गया. संकलित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी द्वारा मृतिका के बार-बार कामधाम नही करता है घर में बैठे बैठे खा रहा है बोलने पर गुस्से में आकर साड़ी से मृतिका का गला दबाकर हत्या करना पाये जाने से मृतिका के देवर देवेन्द्र साहू के विरुद्ध पुलिस चौकी तुमडीबोड में अपराध क्रमांक 334/26 धारा 103(1) पंजीबद्ध किया गया. आरोपी से पुछताछ करने पर साड़ी से मृतिका का गला दबाकर हत्या करना कबुल किया. आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाये जाने से विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया.
गिरफ्तार आरोपी
देवेन्द्र साहू, पिता गणेश राम साहू, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम पेण्डरवानी, पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)

