पीएम-जनमन सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत, आवागमन सुचारू रूप से जारी
बलरामपुर- पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत निर्मित सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से का तत्काल सुधार कार्य कराकर आवागमन सुचारु कर दिया गया है.
विभागीय अधिकारी कार्यपालन अभियंता छ.ग. ग्रामीण विकास अभिकरण ने बताया कि घटगांव चौक से आरा कुंदी रोड पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत निर्मित है, जिसका निर्माण कार्य 19 मार्च 2025 को पूर्ण हो चुका है. संबंधित सड़क का निर्माण स्वीकृत प्राक्कलन, तकनीकी मापदंडों एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया गया है तथा निर्माण अवधि के दौरान नियमित रूप से निरीक्षण भी किया गया. सड़क निर्माण कार्य पूर्ण हुए एक वर्ष से ज्यादा की समयावधि व्यतीत हो चुकी है. सड़क के समीप स्थित पुलिया 20 वर्ष से अधिक पुरानी है, जिसका निर्माण अन्य एजेंसी द्वारा कराया गया था.
क्षेत्र में हुई वर्षा एवं पुलिया से पानी का बहाव अवरुद्ध होने के कारण पुरानी पुलिया का विंगवाल पानी का दबाव नहीं सह सका, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया. पुलिया का विंगवाल टुटने एवं पानी का बहाव तेज होने के कारण पुलिया के पास सड़क के शोल्डर एवं मिट्टी का कटाव हुआ, जिससे सड़क पुलिया के पास क्षतिग्रस्त हो गई. उक्त सड़क में सुरक्षात्मक कार्य एवं सड़क की मरम्मत कार्य कर दिया गया है.

