15 लाख रुपये की सहायता से हुआ मल्टीपल मायलोमा का सफल उपचार, मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

बलरामपुर- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना गंभीर एवं दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है. इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को महंगे उपचार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. जिले के विकासखंड बलरामपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत पस्ता निवासी 62 वर्षीय किसान राजेन्द्र प्रसाद भी इस योजना से लाभान्वित हुए हैं.
राजेन्द्र प्रसाद साधारण परिवार से हैं कुछ समय पूर्व उन्हें मल्टीपल मायलोमा की गंभीर बीमारी का पता चला. प्रारंभ में उन्होंने नजदीकी अस्पतालों में उपचार कराया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ. इसके बाद वे उपचार के लिए बालको मेडिकल सेंटर, रायपुर पहुंचे, जहां जांच के दौरान उन्हें कैंसर होने की पुष्टि हुई. गंभीर बीमारी और महंगे इलाज का खर्च उनके परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया.
इसी दौरान जिला अस्पताल में उन्हें मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी मिली. उन्होंने योजना के तहत आवेदन किया, जिसके बाद उनके उपचार के लिए 15 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई. सहायता राशि मिलने से बालको मेडिकल सेंटर, रायपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका सफल उपचार संपन्न हुई. उपचार की पूरी लागत योजना के अंतर्गत वहन की गई.
उपचार के बाद राजेन्द्र प्रसाद अब स्वस्थ होकर अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का सहयोग नहीं मिलता, तो उनके लिए इतना महंगा उपचार कराना संभव नहीं था. उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उन्हें नया जीवन दिया है तथा उनके जैसे अनेक जरूरतमंद परिवारों के लिए यह योजना आशा की किरण बनी हुई है.
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के गंभीर एवं दुर्लभ बीमारियों के महंगे उपचार से आर्थिक राहत प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना प्रारंभ की गई है. योजना के अंतर्गत चिन्हित दुर्लभ बीमारियों के उपचार के लिए पात्र हितग्राहियों को अधिकतम 25 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की जाती है. इस योजना के अंतर्गत अब तक जिले के 104 लोग लाभान्वित हो चुके है. योजना जरूरतमंद परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वस्थ एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है.
