गुड टच-बैड टच सहित विभिन्न विषयों पर दी गई जानकारी

बलरामपुर- कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में विद्यालयों में बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक किया जा रहा है इसी कड़ी में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रामचंद्रपुर में छात्र-छात्राओं एवं बालिकाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मिशन वात्सल्य, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता, गुड टच एवं बैड टच की पहचान तथा व्यक्तिगत सुरक्षा के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई. साथ ही किसी भी प्रकार की अनुचित घटना की जानकारी तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित विभाग को देने के लिए प्रेरित किया गया.
इस अवसर पर बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, स्वच्छता, लैंगिक समानता, नशामुक्ति, बाल विवाह, बाल श्रम एवं भिक्षावृत्ति की रोकथाम तथा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्यों एवं बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण पर भी जानकारी दी गई. विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कानूनी संरक्षण तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका से भी अवगत कराया गया.
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें सरल एवं सहज भाषा में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई. सभी विद्यार्थियों से सुरक्षित, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने तथा प्राप्त जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया.
