भैंस तस्करों को वाड्रफनगर युवा मोर्चा ने पकड़वाया, पुलिस ने की कार्रवाई

बलरामपुर- गौ-वंश की रक्षा और समाज हित में भारतीय जनता युवा मोर्चा वाड्रफनगर मण्डल के कार्यकर्ताओं ने साहस का परिचय देते हुए भैंस तस्करों को पकड़कर बसंतपुर थाना पुलिस के हवाले किया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मण्डल अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, मण्डल महामंत्री प्रियम दुबे और मण्डल मंत्री अंचल सिंह को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर अवैध रूप से भैंसों को वाहन में भरकर ले जा रहे हैं. सूचना मिलते ही तीनों पदाधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपनी जान की परवाह न करते हुए तस्करों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया.
इसके बाद युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने तुरंत बसंतपुर थाना को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और तस्करों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी.
इस सराहनीय कार्य के लिए क्षेत्र में युवा मोर्चा की चारों ओर प्रशंसा हो रही है. मण्डल अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने कहा कि “गौ माता की रक्षा करना हमारा परम कर्तव्य है. युवा मोर्चा हमेशा राष्ट्र और समाज सेवा के लिए तत्पर रहेगा.”
