नशीले पदार्थों की खेती एवं बिक्री पर होगी कड़ी कार्रवाई

बलरामपुर- कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर की उपस्थिति में जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पूर्व माह में दिए गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए नशा मुक्त अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विस्तृत चर्चा की गई.
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने पुलिस प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त वाहनों की जप्ती के पश्चात उनकी राजसात एवं नीलामी की कार्रवाई सुनिश्चित करे. उन्होंने जप्त किए गए मादक पदार्थों के सुरक्षित विनष्टीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए.उन्होंने जिले में संचालित दवा दुकानों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए.
बैठक में कलेक्टर ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गांजा एवं अफीम की खेती की पूर्व घटनाओं को देखते हुए निर्देश दिए कि ऐसे क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि ग्रामीण गांजा और अफीम के पौधों की पहचान कर सकें. साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति भूमि लीज पर लेकर खेती करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पटवारी एवं पुलिस को दी जाए तथा मौके पर जाकर उसका अनिवार्य सत्यापन किया जाए.
कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि स्कूलों एवं कॉलेजों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें. उन्होंने झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा कोटपा अधिनियम के अंतर्गत स्कूलों के आसपास नियमित निरीक्षण कर तंबाकू एवं नशीले पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नशे के प्रसार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
बैठक में वनमण्डलाधिकारी आलोक वाजपेयी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर द्वय आर.एस.लाल, प्रमोद गुप्ता सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे.
