जिला प्रशासन की अनुमति से प्रभात वेलफेयर सोसाइटी की पहल, शहरभर में चरणबद्ध रूप से चलेगा जागरूकता अभियान

भिलाई। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘प्लास्टिक मुक्त विद्यालय अभियान’ का शुभारंभ सेक्टर-06 स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल से किया गया। जिला प्रशासन की अनुमति से प्रभात वेलफेयर सोसाइटी, नेहरू नगर भिलाई द्वारा शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करना तथा उपयोग किए गए प्लास्टिक का संग्रह कर उसे डिकम्पोजिंग सेंटर तक पहुंचाना है.

इस अभियान को मठ मंदिर प्रबंधन महासभा, रेड ड्राप छत्तीसगढ़ सहित कई सामाजिक संगठनों का सहयोग प्राप्त है.कार्यक्रम छह चरणों में संचालित किया जाएगा, जिसकी शुरुआत आत्मानंद विद्यालय सेक्टर-06 से हुई.
कार्यक्रम में पूर्व शिक्षाधिकारी राजेंद्र कुमार राव, पीआरओ तिलेश्वर साहू, डॉ. देवेंद्र बेलचंदन, अनीता वर्मा, पी.के. श्रीवास्तव, राजेश साहू, डॉ. धनंजय प्रसाद, डॉ. राजेश पटेल (पीपुल फॉर एनिमल), सूरज साहू, युगल साहू, विद्यालय के प्राचार्य, माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला की प्रधान पाठिकाएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
इस अवसर पर सभी ने विद्यालय परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया.
आयोजकों ने बताया कि अभियान के आगामी चरणों में निगम क्षेत्र के सभी शैक्षणिक संस्थानों, होटलों, अस्पतालों, ठेकों, सब्जी बाजारों, व्यावसायिक परिसरों, उद्यानों तथा घर-घर जाकर लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा.
