हर्ष कुमार मेश्राम ने संभाला राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता का पदभार, निवर्तमान ईडी शिरीष सेलट ने सौंपी कमान

राजनांदगांव – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के राजनांदगांव क्षेत्र में आज एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल संपन्न हुआ. कंपनी के मानव संसाधन विभाग द्वारा 01 जुलाई 2026 को जारी स्थानांतरण आदेश के परिपालन में, हर्ष कुमार मेश्राम ने आज राजनांदगांव क्षेत्र के नए मुख्य अभियंता (Chief Engineer) के रूप में आधिकारिक तौर पर अपना पदभार ग्रहण कर लिया है. राजनांदगांव शहर के पार्रीनाला स्थित क्षेत्रीय प्रशासनिक भवन में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान कार्यपालक निदेशक (ED) शिरीष सेलट ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी.
पदभार ग्रहण करने के पश्चात कंपनी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नए मुख्य अभियंता श्री एच.के. मेश्राम ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया. उन्होंने कहा, ”राजनांदगांव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चारों जिलों राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंड़ई, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी एवं कबीरधाम में विद्युत विकास की गति को आगे बढ़ाने के लिए हम पूरी टीमवर्क के साथ सतत् प्रयासरत रहेंगे. इन चारों जिलों में निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण विद्युत व्यवस्था बनाए रखना और उत्कृष्ट उपभोक्ता सेवा प्रदान करना हमारी पहली प्राथमिकता होगी.”
निवर्तमान कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट को दी गई भावभीनी विदाई
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत राजनांदगांव क्षेत्र के निवर्तमान कार्यपालक निदेशक श्री सेलट का स्थानांतरण दुर्ग क्षेत्र में इसी पद पर हुआ है. उनके स्थानांतरण पर कार्यालय के सभागार में एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया. उल्लेखनीय है कि श्री सेलट 04 अक्टूबर 2024 को राजनांदगांव में मुख्य अभियंता के पद पर पदस्थ हुए थे और अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के चलते यहीं कार्यपालक निदेशक के पद पर पदोन्नत हुए थे. अपने कार्यकाल के दौरान वे अपनी कर्मठता, मिलनसार व्यवहार, समय की पाबंदी और शानदार कार्यशैली के लिए लोकप्रिय रहे. उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विद्युत विकास और बुनियादी ढांचे (Infrastructure) के कई महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुए.
वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने दी शुभकामनाएं
इस विशेष अवसर पर विद्युत उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष ए.के. गौराहा, अतिरिक्त मुख्य अभियंता मंगल तिर्की, अधीक्षण अभियंता शंकेश्वर कंवर एवं के.सी. खोटे उपस्थित रहे. साथ ही कार्यपालन अभियंता एन.के. साहू, बीरबल उइके, आर.के. गोस्वामी, सीमा ढील, कौशलेन्द्र पाण्डे, एम.के. साहू, शोबी शर्मा, रविकांत शर्मा और वरिष्ठ लेखाधिकारी भावेश वाल्दे सहित कार्यालय के समस्त अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने नवपदस्थ मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम को पुष्पगुच्छ भेंट कर पदभार ग्रहण करने की बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं. उपस्थित जन ने निवर्तमान ईडी श्री सेलट को भी उनके भावी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं. इस गरिमामय विदाई एवं स्वागत समारोह का मंच संचालन पब्लिसिटी ऑफिसर धर्मेन्द्र शाह मंडावी द्वारा किया गया.
