आइसक्रीम पार्लर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, नगदी और अन्य सामग्री बरामद

दुर्ग- जिले में पुलिस ने सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. शहर के व्यस्त इंदिरा मार्केट स्थित बंद पड़े ‘जलाराम लॉज’ की आड़ में लंबे समय से अनैतिक देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा था. मुखबिर की सटीक सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर इस रैकेट को दबोचा.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 जून की शाम को सूचना मिली थी कि इंदिरा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है. सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली और एसीसी की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से लॉज में दबिश दी. वर्तमान में लॉज की जगह आइसक्रीम पार्लर संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है. छापेमारी के दौरान पुलिस को लॉज में तीन युवतियां और ग्राहकों सहित कुल 8 लोग पकडे गए. मौके पर लॉज का संचालन करने वाला व्यक्ति भी मौजूद था. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 20,000 रुपये नगद, 4 मोबाइल फोन, 80 पैकेट कंडोम और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की हैं.
पुलिस ने इस मामले में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (पीटा एक्ट) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है. फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
