सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूरे होने पर होंगे विविध कार्यक्रम

दुर्ग- भारत सरकार सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के 5 वर्ष पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ में 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह मनाया जाएगा. इसके अंतर्गत सहकार से समृद्धि की पहल, उपलब्धियां एवं उसके योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा. यह जानकारी दुर्ग जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन एवं रायपुर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप (बाॅबी) ने एक संयुक्त प्रेसवार्ता में दी.
इसके अंतर्गत सहकारी चिंतन शिविर एवं सहकार मेला का आयोजन 3 एवं 4 जुलाई 2026 को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर, कृषि मंडपम आॅडिटोरियम, लाभांडी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य आतिथि एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप अध्यक्षता करेंगे. कार्यक्रम में पैक्स दुग्ध, मत्स्य, लघु वनोपज, बुनकर एवं अन्य सहकारी समितियों तथा नाबार्ड, एनसीडीसी, एनसीसीएफ, नैफेड, सीएससी, इफको, कृभको, राज्य सहकारी संघ तथा अन्य संगठन भागीदारी करेंगे.
सहकारिता सप्ताह में सहकारी समितियों में सदस्यता अभियान, जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, किसान हितैषी योजनाओं का प्रचार-प्रसार और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण आयोजन होंगे.
प्रीतपाल बेलचंदन ने बताया कि 29 जून को पैक्स, दुग्ध एवं मत्स्य समितियों में सदस्यता अभियान तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों के साथ होगी. 30 जून को जिला स्तरीय बैठक, एफपीओ एवं पैक्स के माध्यम से आय बढ़ाने पर चर्चा तथा किसान संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. 1 जुलाई को जिला मुख्यालयों में कृषक संगोष्ठी, सहकारी प्रदर्शनियों एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन होगा. 2 जुलाई को मोबाइल एटीएम, केसीसी कार्ड और रूपे केसीसी कार्ड जैसी बैंकिंग सुविधाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा. 3 जुलाई को वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान, सहकारिता विषयक लेखन और प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित होंगे. 4 जुलाई को स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से सहकारी समितियों के सदस्यों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया जाएगा. 5 जुलाई को सहकारिता विषय पर निबंध, चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. साथ ही राज्य के 10 आकांक्षी जिलों—बस्तर, दंतेवाड़ा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा, कोंडागांव, कोरबा, महासमुंद और राजनांदगांव—में विशेष सदस्यता वृद्धि अभियान चलाया जाएगा. 6 जुलाई को सहकार प्रेरणा पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा. इसी दिन सहकारी क्षेत्र की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत भारतीय खाद्य निगम (FCI) के लिए चयनित नौ पैक्स में गोदाम निर्माण हेतु भूमिपूजन भी किया जाएगा.
प्रेसवार्ता में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग के उपाध्यक्ष नरेश यदु, सीईओ एस.के.वर्मा, भाजपा जिला महामंत्री दुर्ग के दिलीप साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष बेमेतरा अजय साहू, प्रदेश आर्थिक प्रकोष्ठ दुर्ग के संयोजक शिव चन्द्राकर, पूर्व संचालक रमाकांत द्विवेदी, वरिष्ठ भाजपा नेता अजय तिवारी, बालोद जिला प्रतिनिधि लखनलाल गुरुपंच, दुर्ग जिला अध्यक्ष सहकारिता प्रकोष्ठ श्यामलाल साहू, किसान प्रतिनिधि फत्तेलाल वर्मा उपस्थित थे.
