सरना (वाड्राफनगर) जनपद पंचायत वाड्राफनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत सरना में आयोजित ग्राम सभा हंगामेदार माहौल में संपन्न हुई.पंचायत में पूर्व में कराए गए विकास कार्यों, खर्च की गई राशि और अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और जवाबदेही की मांग की.
ग्राम सभा में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत के कई विकास कार्यों के लिए राशि आहरित कर ली गई, लेकिन कई निर्माण कार्य आज भी अधूरे पड़े हैं.जब इन कार्यों की समीक्षा और खर्च का ब्यौरा मांगा गया तो संबंधित अभिलेख एवं दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई.बैठक के दौरान कई बार तीखी नोकझोंक और हंगामे की स्थिति बनी रही.ग्रामीणों ने पूर्व सचिव के कार्यकाल में हुए कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि पंचायत के अभिलेखों का पूर्ण हस्तांतरण अब तक नहीं हुआ है.इसको लेकर जनपद पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए.ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में हुए सभी विकास कार्यों, खर्च की गई राशि और अधूरे निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.

ग्राम सभा में उठे सवालों के बाद पंचायत के कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है. ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक पंचायत का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक नहीं किया जाएगा, तब तक उनकी शंकाएं और असंतोष दूर नहीं होगा.


