अटल आवास दिलाने के नाम पर 8.17 लाख की ठगी, राजनांदगांव नगर निगम का फर्जी बाबू रायपुर से गिरफ्तार

राजनांदगांव- अटल आवास एवं हाउसिंग बोर्ड में मकान दिलाने के नाम पर 8.17 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी लंबे समय से फरार था, जिसे तकनीकी साक्ष्यों और सतत पतासाजी के आधार पर रायपुर से पकड़कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपी योगेश्वर पाण्डे उर्फ सोनू पाण्डे (40 वर्ष), निवासी ग्राम मोहतरा थाना लोरमी जिला मुंगेली तथा वर्तमान में इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी, रायपुर का रहने वाला है. आरोपी स्वयं को नगर निगम राजनांदगांव का कर्मचारी (बाबू) बताकर और अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से ऊंची पहुंच का हवाला देकर मासूम लोगों को अपने झांसे में लेता था.
प्रार्थी ईशनिवय सिंह (पिता जोगेन्द्र सिंह परिहार) ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिसंबर 2024 में वह अपने मित्र प्रकाश कौशिक के साथ अटल आवास/हाउसिंग बोर्ड योजना के अंतर्गत मकान प्राप्त करने संबंधी जानकारी लेने नगर निगम राजनांदगांव गए थे. इस दौरान उनकी मुलाकात योगेश्वर पाण्डे नामक व्यक्ति से हुई, जिसने स्वयं को नगर निगम राजनांदगांव का बाबू बताते हुए अटल आवास एवं हाउसिंग बोर्ड में मकान दिलाने का भरोसा दिलाया.
आरोपी ने स्वयं की अधिकारियों एवं नेताओं से अच्छी पहचान होना बताते हुए प्रार्थी एवं अन्य लोगों को विश्वास में लिया तथा निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण कराकर उन्हें योजना का लाभ दिलाने का झांसा दिया. इस प्रकार आरोपी ने कई लोगों से कुल 8,17,000 रुपये प्राप्त कर धोखाधड़ी की.
रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 166/2026 धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. थाना प्रभारी बसंतपुर के नेतृत्व में टीम द्वारा लगातार पतासाजी एवं संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी योगेश्वर पाण्डे उर्फ सोनू पाण्डे को रायपुर से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके पश्चात उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया.
