राजनांदगांव से नागपुर जा रहा अवैध कबाड़ पकड़ाया, 16 चक्का ट्रक समेत 11.50 लाख का माल जप्त

राजनांदगांव- अवैध कारोबारियों और कबाड़ के अवैध परिवहन के खिलाफ बागनदी पुलिस ने एक बार फिर प्रभावी कार्यवाही की है. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तत्परता दिखाते हुए भारी मात्रा में अवैध कबाड़ से लदे एक 16 चक्का ट्रक को जप्त किया है. जप्त किए गए माल और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 11 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, 24 जून 2026 को थाना बागनदी पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि एक अशोक लीलैंड 16 चक्का ट्रक (वाहन क्रमांक- CG 04 JD 6297) में भारी मात्रा में अवैध कबाड़ सामग्री भरकर ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल एक्शन लेते हुए संदेही वाहन को रोककर उसकी बारीकी से जांच की. जांच के दौरान पुलिस को ट्रक के भीतर भारी मात्रा में साइकिल कटिंग, लोहे की चादरें, विभिन्न आकार के लोहे के सरिया और नट-बोल्ट सहित अन्य कबाड़ सामग्रियां मिलीं. जब वाहन चालक से उक्त कबाड़ सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज और रसीद पेश करने को कहा गया, तो वह कोई भी कानूनी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. दस्तावेज न होने पर पुलिस ने अवैध परिवहन के तहत कबाड़ और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया.
पुलिस द्वारा पकड़े गए वाहन चालक की पहचान अतुल मिश्रा (उम्र 55 वर्ष), पिता ललन प्रसाद मिश्रा के रूप में हुई है, जो इमली पेड़ के पास, दमोह नाका, थाना व जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) का निवासी है. पुलिस पूछताछ में आरोपी चालक ने खुलासा किया कि वह इस कबाड़ को राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) से भरकर नागपुर (महाराष्ट्र) ले जा रहा था.
