लैलूंगा पुलिस की सख्त कार्रवाई, वारदात में प्रयुक्त क्रेटा कार और डंडा जब्त

रायगढ़ – लैलूंगा पुलिस ने जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और बलवा करने वाले 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है.
जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया पुष्पा यादव पति टिकेश्वर यादव (35 वर्ष) ग्राम बरखोरिया निवासी ने 22 जून को थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी उनके परिवार द्वारा कब्जे की कृषि भूमि में धान की बुआई की गई थी. दोपहर करीब 2 बजे कृष्णा यादव, लिंगराज यादव, जागेश्वर यादव, हलधर यादव, पूर्णचंद्र चौबे, बसंत यादव, विनेश यादव उर्फ बबलू, रघुवीर टंडन, सूरज ओगरे और संजय बरेठ एक राय होकर खेत में जबरन जोताई एवं धान बुआई करने लगे. विरोध करने पर सभी आरोपित प्रार्थिया के घर और आंगन में घुस गए तथा छप्पर और घरेलू सामान में तोड़फोड़ कर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की. रिपोर्ट पर थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 202/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 190, 191(2), 333 एवं 324(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग का केटा वाहन क्रमांक CG-11-AN-0911 तथा मारपीट में प्रयुक्त डंडा जब्त किया गया. पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
