कर्ज के दलदल ने बनाया लुटेरा
रायपुर- थाना अभनपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सारखी और ग्राम हसदा में पिछले दिनों हुई सनसनीखेज लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह गिरोह मुख्य रूप से बैंक मित्रों और च्वाईस सेंटर के कर्मचारियों को अपना निशाना बनाता था. एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट (ACCU) और अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इन आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की है. आरोपियों के कब्जे से लूट की नगदी रकम तथा घटना में प्रयुक्त 02 नग दोपहिया वाहन, 04 नग मोबाईल फोन एवं 02 नग चाकू किया गया है जप्त.
बैंक मित्र से 2 लाख की लूट
प्रार्थी पोषण लाल साहू ने थाना अभनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह ग्राम बिरोदा में रहता है तथा ग्राम खोरपा स्थित बैंक ऑफ बडोदा में बैंक मित्र के पद पर कार्यरत है. प्रार्थी 1 जून 2026 को शाम करीबन 04.40 बजे बैंक से छुट्टी होने के बाद नगदी रकम 2,00,000 रूपये को पिट्टू बैग में रखकर अपने दोपहिया वाहन में ग्राम खोरपा से अपने घर ग्राम बिरोदा जा रहा था. इसी दौरान ग्राम सारखी एवं बिरोदा के बीच पुलिया के पास पूर्व से 02 व्यक्ति बैठे हुए थे, जो प्रार्थी को आता देखकर अपने दोपहिया वाहन को प्रार्थी को रोकने हेतु प्रार्थी की दोपहिया वाहन के सामने अपने दोपहिया वाहन को टिका दिये तथा जेब से मिर्ची पाउडर को निकाल कर प्रार्थी के चेहरे में फेंकने का प्रयास किये और अपने पास रखे नुकिले वस्तु को निकालकर प्रार्थी को डराने धमकाते हुए प्रार्थी के पास रखे पिठ्ठु बैग तथा मोबाईल फोन को लूट कर फरार हो गये. जिस पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 180/26 धारा 309(4), 351(2), 126(2) बी.एनएस. तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया है.
च्वाईस सेंटर संचालक से 1.5 लाख की लूट
प्रार्थी उमेन्द्र कुमार देवांगन ने थाना अभनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह दम्मानी कालोनी वार्ड नंबर 03 थाना गोबरा नवापारा में रहता है तथा अभनपुर में तुसीका च्वाईस सेंटर के नाम से एवं गिफ्ट स्टोर्स का संचालन करता है. प्रार्थी दिनांक 14.03.2026 को रात्रि करीब 08.40 बजे रोज की तरह च्वाईस सेंटर को बंद कर अपने घर दम्मानी कालोनी वार्ड नंबर 03 थाना गोबरा नवापारा जा रहा था, ग्राम हसदा मोड के आगे पहुंचा था कि पीछे से एक दोपहिया वाहन में दो व्यक्ति आये तथा प्रार्थी के दोपहिया वाहन को रोकते हुए अपने पास रखे चाकू को प्रार्थी के पेट में टिकाकर जान से मारने की धमकी देते हुए प्रार्थी के पास रखे बैग जिसमें नगदी रकम 1,50,000/- रूपये रखा था को लूट कर फरार हो गये. जिस पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 86/26 धारा 309(4), 115(2), 126(2), 296, 3(5) बी.एनएस. तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया.
लूट की घटनाओं को पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा (भा.पु.से.) द्वारा गंभीरता से लेते हुए अपने अधीनस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया.
कर्ज के दलदल ने बनाया लुटेरा
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटनाओं के संबंध में प्रार्थियों से विस्तृत पूछताछ कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया. टीम के सदस्यों द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेजों का सूक्ष्म विश्लेषण कर संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही प्रकरणों में मुखबिर सक्रिय किया गया. तकनीकी विश्लेषण एवं आरोपियों द्वारा घटना के दौरान उपयोग किये गये वाहनों के संबंध में भी अज्ञात आरोपियों को चिन्हांकित करने के प्रयास किये जा रहे थे, कि लगातार प्रयासों एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई. तत्पश्चात टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर प्रकरण में 04 आरोपियों को पकड़ा गया. घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु द्वारा बहुत कर्जा होने के कारण अपने अन्य 03 साथियों के साथ मिलकर उनके द्वारा लूट की उक्त घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया गया.
गिरफ्तार आरोपी –
(01) परमानंद साहू पिता बिसहत राम साहू उम्र 26 साल साकिन सारखी आजाद चौक वार्ड नंबर 3 थाना अभनपुर जिला रायपुर.
(02) टेकराम उर्फ टीकू धीवर पिता प्रकाश धीवर उम्र 30 साल साकिन सारखी आजाद चौक दम्मा तालाब पास थाना अभनपुर जिला रायपुर.
(03) पिंटू उर्फ़ देशबंधु पिता स्वर्गीय डॉक्टर नेताम उम्र 30 साल पता सारखी थाना अभनपुर जिला रायपुर.
(04) योगी राज सोनवानी पिता मिथलेश उम्र 18 साल पता सकरी थाना अभनपुर जिला रायपुर.
