जमीन बंटवारे से नाराज भाई व नाती ने भाई पर किया जानलेवा हमला, बुजुर्ग की मौत, गिरफ्तार
बलरामपुर- बलरामपुर जिले के डवरा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लिलौटी में जमीन विवाद को लेकर रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां जमीन बंटवारे से असंतुष्ट एक भाई और नाती ने मिलकर अपने ही परिवार के बुजुर्ग पर टांगी (कुल्हाड़ी) से प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. डवरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, लिलौटी निवासी पूरन, दिलबर व नन्दकेश्वर तीनों आपस मे भाई लगते हैं जबकि संजय रवि मृतक पूरन का नाती है. इसका चाचा नन्दकेश्वर और संजय रवि इनके जमीन हिस्सा बंटवारा से असंतुष्ट था आरोपीगण को लगता है कि मृतक दिलबर अपने हिस्से में ज्यादा जमीन रखा है. बीती 13 जून 2026 की शाम करीब 7:00 बजे, दिलबर खाना खाकर अपने प्रधानमंत्री आवास में अकेले सो रहे थे. इसी दौरान नन्दकेश्वर और संजय रवि ने सुनियोजित साजिश के तहत वहां पहुंचकर सोते हुए दिलबर पर टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोटें आने के कारण दिलबर की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही डवरा पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 103 (1) 332,61 भा. न्या. स के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी डवरा पुष्पराज सिंह, सउनि रोपन राम पैकरा, प्र. आर शैलेन्द्र सिंह, आर सौरभ केरकेट्टा आर. जीवन किशोर तिग्गा, आर. बजरंग राग का सक्रिय योगदान रहा है.
