लड़की की आवाज में ब्लैकमेलिंग: सोशल मीडिया पर फर्जी महिला बनकर ठगने वाला शातिर गिरफ्तार
राजनांदगांव- सोशल मीडिया पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को ठगी, ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना का शिकार बनाने वाले एक शातिर साइबर ठग को राजनांदगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी लड़की की आवाज में बात कर युवकों को अपने जाल में फंसाता था और पैसे न देने पर अश्लील गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देता था. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
थाना लालबाग में दर्ज शिकायत के अनुसार, प्रार्थी की बेटी को एक अज्ञात व्यक्ति ने लड़की की आवाज में कॉल किया. उसने युवती को झूठी सूचना दी कि उसके पिता का एक्सीडेंट हो गया है और वे गंभीर रूप से घायल हैं. जब युवती ने इस जानकारी को गलत बताया, तो आरोपी अश्लील गालियां देने लगा. इसके बाद जब पिता ने खुद आरोपी से संपर्क किया, तो आरोपी ने उन्हें भी भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी.
शिकायत और ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर लालबाग पुलिस ने अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की धारा 296 और 351(4) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में साइबर थाना और लालबाग पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया.
तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार बघेल (22 वर्ष) को ट्रेस किया. आरोपी ग्राम विष्णुपुर, थाना ठेलकाडीह, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) का रहने वाला है.
फोटो एडिट कर परिजनों को भेजने की देता था धमकी
पुलिस जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ कि आरोपी इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लड़कियों के नाम से फर्जी आईडी बनाता था. वह लड़की की आवाज निकालकर युवकों से बात करता था और उन्हें अपने झांसे में लेकर पैसों की डिमांड करता था. पैसे नहीं मिलने पर वह पीड़ितों के फोटो एडिट (मॉर्फ) कर उनके परिजनों को भेजने की धमकी देता था और उन्हें ब्लैकमेल करता था.
पुलिस ने आरोपी के पास से पर्याप्त तकनीकी सबूत बरामद किए हैं. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
